home page

नवादा में इलाज के दौरान युवक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

 | 
नवादा में इलाज के दौरान युवक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा


नवादा ज़ 26 जुलाई (हि.स.)। सदर अस्पताल नवादा में रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई । मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में सक्रिय एक दलाल ने इलाज कराने के नाम पर उनसे 2000 ठग लिए, लेकिन न तो समुचित इलाज कराया और न ही किसी चिकित्सक से दिखवाया। काफी देर तक युवक इलाज के अभाव में तड़पता रहा और अंततः उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के डोभरापर मोहल्ला निवासी प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। मृतक के पिता कारू चौधरी ने बताया कि उनके पुत्र को तेज बुखार था, जिसके बाद वे उसे इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया और खुद को अस्पताल से जुड़ा बताते हुए बेहतर इलाज कराने का भरोसा दिया। उसने युवक का खून निकाला और जांच व इलाज के नाम पर 2000 रुपये ले लिए।

परिजनों का आरोप है कि रुपये लेने के बाद वह व्यक्ति उन्हें इधर-उधर घुमाता रहा और कुछ देर बाद मौके से गायब हो गया। इस बीच बीमार युवक की हालत लगातार बिगड़ती गई। उन्होंने कई बार चिकित्सकों और अस्पताल कर्मियों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन समय पर इलाज नहीं मिला। काफी देर तक इलाज के अभाव में तड़पने के बाद प्रदीप कुमार ने दम तोड़ दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी दलालों तथा लापरवाह चिकित्सकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना था कि यदि समय पर इलाज मिल जाता तो युवक की जान बच सकती थी।

घटना के बाद अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने भी अस्पताल परिसर में दलालों की सक्रियता पर चिंता जताई। उनका कहना था कि सदर अस्पताल में लंबे समय से दलाल मरीजों और उनके परिजनों को झांसा देकर निजी जांच और इलाज के नाम पर ठगी करते हैं, लेकिन प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। हालांकि अनुमंडल अधिकारी अमित अनुराग ने जांच कर कार्रवाई की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन