home page

खेत से युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका

 | 
खेत से युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका


पूर्वी चंपारण,26 मई (हि.स.)।हरसिद्धि थाना क्षेत्र के छपवा -हरसिद्धि मुख्य मार्ग स्थित सोमेश्वर पेट्रोल पंप के उत्तर घनखरैया एक कटे हुए मक्के के खेत से मंगलवार को एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव संदिग्ध परिस्थिति में मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।

मृतक की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के नंदपुर परसौना वार्ड नंबर 13 निवासी सुखल शाह के पुत्र रमेश शाह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रमेश शाह दो दिन पूर्व घर से यह कहकर निकले थे कि वह काठमांडू जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह स्कूल जाने के दौरान कुछ छात्रों ने सड़क किनारे खेत में शव पड़ा देखा और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू की। मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।

परिजनों ने बताया कि रमेश शाह के माथे के पीछे गहरा जख्म था, जबकि पेट में भी किसी धारदार हथियार से वार जैसा निशान दिखाई दिया। इसे लेकर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। उनका आरोप है कि हत्या के बाद शव को साक्ष्य छिपाने की नीयत से खेत में फेंक दिया गया,।

बताया जाता है कि मृतक की बहन का घर पानापुर रंजीता पंचायत के भेड़िहारी गांव में है। बहनोई राजेश कुमार ने बताया कि मेरा साला कल हम लोग को कोई भी सूचना नहीं दिया था कि हम हरसिद्धि में है। इधर शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया, पत्नी अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मृतक के दो पुत्रों (करीब 15 और 12 वर्ष) की हालत भी बेहद खराब बताई जा रही है। बड़ा भाई भी सदमे में अचेत हो गया।

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर छपरा-हरसिद्धि मार्ग को घंटों जाम कर दिया। जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेजा गया।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल, स्पेशल टीम की जांच और अन्य तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड, तकनीकी सेल और विशेष टीम को जांच में लगाया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मोबाइल डिटेल्स की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार