स्मैक के साथ युवक पकड़ाया, ग्रामीणों ने पुलिस के किया हवाले
भागलपुर, 12 जून (हि.स.)। नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर जिले के जगदीशपुर प्रखंड के बाईपास थाना क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत ग्रामीणों ने शुक्रवार को बैजानी चौक पर एक संदिग्ध युवक को स्मैक के साथ पकड़ लिया और उसे बाईपास थाना पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और युवाओं में नशे की लत को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। इसी को देखते हुए गांव के लोगों ने स्वयं आगे आकर नशा विरोधी अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान ग्रामीण विभिन्न चौक-चौराहों पर निगरानी रख रहे हैं तथा लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं।
बैजानी चौक पर ग्रामीणों को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से कथित रूप से स्मैक बरामद किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर बाईपास थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। इस संबंध में बाईपास थाना अध्यक्ष सुमन कुमार राय ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है।
बरामद पदार्थ की जांच कराई जा रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने भी लोगों से नशे के खिलाफ जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

