सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन पड़ा भारी, देसी कट्टा और 11 कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
भागलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ वीडियो वायरल करना एक युवक को बेहद भारी पड़ गया। भागलपुर पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और एक युवक को भारी मात्रा में जिंदा कारतूस तथा देसी कट्टे के साथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपित के पास से पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिससे वीडियो पोस्ट किए जाने की आशंका है।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर भागलपुर पुलिस इन दिनों सोशल मीडिया के विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लगातार पैनी नजर रख रही है। इसी निगरानी के दौरान पुलिस टीम को एक युवक का अवैध आग्नेयास्त्र के साथ वीडियो तेजी से वायरल होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की तकनीकी और मानवीय अनुसंधान टीम ने मामले का गहराई से सत्यापन शुरू किया।
पुलिस द्वारा की गई त्वरित जांच में वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान रौनक कुमार (पिता- गोरेलाल यादव) के रूप में हुई, जो मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के भतोरिया गांव का रहने वाला है। उक्त आशय की जानकारी सोमवार को एसएसपी प्रमोद कुमार ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।
एसएसपी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-2) और मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष कर रहे थे। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के भतोरिया स्थित पैतृक घर पर विधिवत घेराबंदी कर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान पुलिस ने रौनक कुमार के पास से एक देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। मधुसूदनपुर पुलिस ने आरोपी रौनक कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले पर भागलपुर पुलिस ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का भौकाल दिखाने या रील्स बनाकर प्रदर्शन करने वालों की लगातार निगरानी की जा रही है। ऐसे किसी भी मामले की पुष्टि होते ही पुलिस कड़ी विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

