योजनाओं की प्रगति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आवेदनों का समय पर करें निष्पादन : डीएम
सुपौल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
बैठक में न्यायालय वादों, दाखिल-खारिज, कायाकल्प अभियान, जिला जनता दरबार, जन संवाद, राशन कार्ड, एनीमिया अभियान और पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। इसके अलावा सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की भी जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। आवेदनों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने पर जोर दिया।
बैठक में न्यायालय से संबंधित मामलों और दाखिल-खारिज के कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ जन शिकायतों के निपटारे पर भी चर्चा हुई। जिला जनता दरबार और जन संवाद के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समाधान में तत्परता बरतने तथा आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
राशन कार्ड, एनीमिया अभियान और पीएम सूर्य घर
मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया। कायाकल्प अभियान के तहत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार, अपर समाहर्ता-सह-आपदा प्रबंधन पदाधिकारी मो. तारिक, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विकास कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव, जिला गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी विकास कुमार कर्ण तथा वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिले से बाहर अथवा अन्य स्थानों पर पदस्थापित संबंधित पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

