महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
किशनगंज, 27 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि का नौ दिवसीय पर्व शुक्रवार को महानवमी के साथ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हो गया।
इस अवसर पर देवी दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। किशनगंज सहित देशभर के मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विशेष प्रार्थनाएं कर सुख-समृद्धि की कामना की। महानवमी के अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खगड़ा दुर्गा मंदिर, रुईधाशा महाकाल मंदिर, बड़ी कोठी दुर्गा मंदिर एवं शीतला मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे सुबह से ही मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना में लीन रहे।
मंदिर परिसरों को फूलों, रंग-बिरंगी रोशनियों एवं तोरण द्वारों से भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल बना रहा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां सिद्धिदात्री को अणिमा, महिमा, गरिमा, लघिमा, प्राप्ति, प्राकाम्य, ईशित्व एवं वशित्व सहित आठ प्रमुख सिद्धियों की दाता माना जाता है। मान्यता है कि मां सिद्धिदात्री की पूजा करने से भक्तों को आध्यात्मिक शक्ति, ज्ञान और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त होती है। महानवमी के अवसर पर व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर मां को लाल चुनरी, फूल, फल, मिठाई एवं नैवेद्य अर्पित किए। कई मंदिरों में हवन, कन्या पूजन एवं विशेष आरती का आयोजन भी किया गया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण का सिलसिला भी चलता रहा। इस दौरान मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही।
स्थानीय प्रशासन एवं मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। भक्तों ने मां सिद्धिदात्री से सुख-समृद्धि एवं मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

