home page

अल्बानिया में वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज के लिए अविनाश पहलवान का चयन

 | 
अल्बानिया में वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज के लिए अविनाश पहलवान का चयन


बक्सर, 23 फ़रवरी (हि.स.)।बिहार में बक्सर जिले के चौसा गांव के अविनाश पहलवान ने एक बार फिर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। हाल ही में यूरोप महाद्वीप में आयोजित वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज के तहत क्रोएशिया में भारतीय कुश्ती टीम के सपोर्टिंग स्टाफ के रूप में सफल भूमिका निभाने के बाद अब उनका चयन 25 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक अल्बानिया में होने वाली द्वितीय वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज के लिए हुआ है।

भारतीय सेना में सेवारत अविनाश अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत के लिए पहचाने जाते हैं। खिलाड़ी से सपोर्टिंग स्टाफ तक का उनका सफर कुश्ती के प्रति गहरे लगाव और अनुभव को दर्शाता है। वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तथा तीनों सेनाओं की टीम के साथ उत्तर मेसोडोनिया, यूक्रेन और चीन सहित कई देशों का दौरा कर चुके हैं।

अपने चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए अविनाश पहलवान ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह, बिहार कुश्ती संघ के अध्यक्ष विशाल सिंह, सचिव विनय सिंह तथा अन्य वरीय पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए देश सेवा का एक और अवसर है।उनकी इस उपलब्धि से पूरे बक्सर जिले, चौसा गांव और बिहार में खुशी की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा