home page

वेतन भुगतान के आश्वासन पर खत्म हुई सफाई कर्मियों की हड़ताल

 | 
वेतन भुगतान के आश्वासन पर खत्म हुई सफाई कर्मियों की हड़ताल


वेतन भुगतान के आश्वासन पर खत्म हुई सफाई कर्मियों की हड़ताल


सुपौल, 14 मई (हि.स.)। नगर परिषद सुपौल के सफाई कर्मियों की हड़ताल आखिरकार मुख्य पार्षद के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई। करीब डेढ़ महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज सफाई कर्मियों ने बुधवार सुबह कामकाज ठप कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई थी।

हड़ताल पर बैठे कर्मियों का कहना था कि लगातार ड्यूटी करने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा था। आर्थिक तंगी के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो गया था और कई कर्मियों को दैनिक जरूरतों के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वेतन भुगतान की मांग को लेकर सभी सफाई कर्मचारी एकजुट होकर नगर परिषद परिसर में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।सफाई कार्य बंद होने से शहर के कई इलाकों में कचरे का उठाव प्रभावित हो गया था। स्थिति बिगड़ती देख नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा मौके पर पहुंचे और हड़ताली कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि सभी के बकाया वेतन का भुगतान अगले 12 घंटे के भीतर उनके बैंक खातों में कर दिया जाएगा।

मुख्य पार्षद के आश्वासन के बाद सफाई कर्मियों ने तत्काल अपनी हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी और दोबारा काम पर लौट गए। इसके बाद शहर में रुका हुआ सफाई अभियान फिर से शुरू हो गया और नगर परिषद ने व्यवस्था सामान्य करने की प्रक्रिया तेज कर दी।इस दौरान मुख्य पार्षद ने कहा कि सफाई कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही वेतन भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था नगर परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र