home page

सुपौल में महिलाओं ने सुरक्षा, महंगाई और आरक्षण को लेकर बुलंद की आवाज

 | 
सुपौल में महिलाओं ने सुरक्षा, महंगाई और आरक्षण को लेकर बुलंद की आवाज


सुपौल, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले के जदिया प्रखंड अंतर्गत कोरियापट्टी पूरब पंचायत में मंगलवार को अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (एडवा) की ओर से आयोजित महिला सभा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

सभा में महिला सुरक्षा, बढ़ती महंगाई, 33 प्रतिशत महिला आरक्षण, नशाखोरी और महिलाओं के अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है तथा उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अब किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सभा को संबोधित करते हुए एडवा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामपरी ने कहा कि देश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, हत्या और मानव तस्करी जैसी घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना सरकारों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा किसी भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभा के दौरान 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। रामपरी ने कहा कि महिलाओं को पर्याप्त राजनीतिक भागीदारी दिलाने के लिए महिला आरक्षण को शीघ्र लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इसे जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से अलग करते हुए संसद के आगामी मानसून सत्र में लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इस दिशा में पहल नहीं हुई तो एडवा अपने आंदोलन को और व्यापक बनाएगी।

सभा की अध्यक्षता कर रहीं एडवा नेत्री एवं सीपीएम की जिला सचिव नीतू सिंह यादव ने बढ़ती महंगाई को आम परिवारों के लिए गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों से घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है और इसका सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

कार्यक्रम में उपस्थित मुखिया राजेश कुमार ने नशाखोरी को समाज के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि इसके कारण घरेलू हिंसा, आर्थिक संकट और सामाजिक अस्थिरता जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने महिलाओं से नशे के खिलाफ गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने और सामाजिक स्तर पर इसके विरुद्ध जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।

सभा के दौरान महिला सुरक्षा, महंगाई पर नियंत्रण, महिला आरक्षण लागू करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के समर्थन में महिलाओं ने जोरदार नारे लगाए। कार्यक्रम के अंत में कई महिलाओं ने अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र