home page

थुमहा में 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत

 | 
थुमहा में 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत


थुमहा में 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत


थुमहा में 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत


सुपौल, 20 सितंबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा पंचायत स्थित वार्ड 9 में शनिवार को 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान थुमहा निवासी संदीप कुमार साह की पत्नी रूपम कुमारी के रूप में हुई है।

घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने पति समेत ससुराल पक्ष पर 50 हजार रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पति संदीप कुमार साह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, चलंत फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

जानकारी के अनुसार, रूपम कुमारी की शादी करीब 14 माह पहले थुमहा निवासी राजकुमार साह के पुत्र संदीप कुमार साह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। वह त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र के जदिया थाना अंतर्गत हीरापट्टी वार्ड 9 निवासी चंद्रेश्वर साह एवं सुलेखा देवी की पुत्री थी। मायके वालों के अनुसार शादी के शुरुआती पांच-छह महीने तक सब कुछ सामान्य रहा। इसके बाद कथित रूप से 50 हजार रुपये की मांग को लेकर रूपम को पति एवं ससुराल के अन्य सदस्यों द्वारा प्रताड़ित किया जाने लगा।

मौत से पहले पिता को किया था फोन

मृतका के पिता चंद्रेश्वर साह के अनुसार, शुक्रवार देर रात रूपम ने फोन कर ससुराल में अपने साथ कथित मारपीट और 50 हजार रुपये की मांग किए जाने की जानकारी दी थी। उसने अपनी परेशानी पिता को बताई थी। पिता ने अगले दिन ससुराल पहुंचकर मामले में बात करने का भरोसा दिया था। हालांकि, शनिवार को मायके वालों को उसकी मौत की सूचना मिल गई। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजन थुमहा पहुंचे।

मृतका के पिता का आरोप है कि ससुराल पहुंचने पर उनकी बेटी का शव घर के पलंग पर पड़ा था और उसके गले पर निशान दिखाई दे रहे थे। इसके बाद उन्होंने पति संदीप कुमार साह, ससुर राजकुमार साह एवं सास पर मिलकर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। मायके वालों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पिपरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए चलंत फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया।

टीम ने घटनास्थल से आवश्यक नमूने एवं अन्य साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन के आधार पर मृतका के पति संदीप कुमार साह को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल करेगी। फिलहाल नवविवाहिता की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह जांच का विषय है। मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र