home page

महिलाओं व बालिकाओं के सशक्तिकरण को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला

 | 
महिलाओं व बालिकाओं के सशक्तिकरण को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला


कटिहार, 26 नवंबर (हि.स.)। जिले में महिलाओं और बालिकाओं के लिए विभागों के बीच अभिसरण (समन्वय) को सुदृढ़ करने तथा जेंडर उत्तरदायी संस्थागत तंत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए 15 दिनों के भीतर एक संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने का सख्त निर्देश दिया गया। साथ ही, पंचायत स्तर पर महिला अधिकारों, बाल विवाह निषेध और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों (1098, 181, 112 एवं 1091) के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा व सशक्तिकरण महज एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि एक बालिका शिक्षित और सुरक्षित है, तो पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है। जेंडर उत्तरदायी तंत्र का अर्थ है कि विद्यालय, अस्पताल और थाना जैसे हर संस्थान महिलाओं और बालिकाओं के दृष्टिकोण से सोचें और कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना, पोषण अभियान, सुकन्या समृद्धि योजना और वन स्टॉप सेंटर (सखी) की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय अभिसरण समिति की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाए।

डीएम ने सभी कार्यालयों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में अलग शौचालय, सुरक्षित परिवहन, शिकायत पेटिका व आंतरिक शिकायत समिति की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस विभाग को महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करने व सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क सुदृढ़ करने तथा बाल संरक्षण इकाई को बाल विवाह के मामलों की शत-प्रतिशत ट्रैकिंग करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा किशोरी बालिकाओं में एनीमिया की रोकथाम, माहवारी स्वच्छता, स्कूल ड्रॉप-आउट रोकने और जीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, समाज कल्याण, पंचायती राज, जीविका, बाल संरक्षण इकाई, वन स्टॉप सेंटर, जिला विधिक सेवा प्राधिकार व स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह