home page

नवविवाहिता ने जहर खाकर दी जान

 | 
नवविवाहिता ने जहर खाकर दी जान


भागलपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाजरत बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय नवविवाहिता लाडो खातून की गुरुवार को मौत हो गई।

लाडो खातून की शादी करीब 10 महीने पहले मोहम्मद हासिब (25) से हुई थी, जो बिजली मिस्त्री का काम करता है। करीब 10 दिन पहले लाडो खातून अपने पति के साथ मायके आई थी और वहीं रह रही थी। इसी दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। परिजन के अनुसार, लाडो खातून का पड़ोस के युवक गुफरान (पिता अब्बास) के साथ पिछले 6 महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

घटना के दिन दोपहर करीब 1 बजे पति ने लाडो खातून को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में गुफरान के साथ देख लिया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बताया जाता है कि पति ने घर का गेट बंद कर अपनी सास बीबी हसीना को इसकी जानकारी दी। जब सास मौके पर पहुंचीं, तब तक गुफरान अपने चार साथियों के साथ वहां पहुंच गया और मारपीट की घटना को अंजाम दिया।

मामले को लेकर शाम में पंचायत बुलाई गई, जहां प्रेमी गुफरान ने शादी करने से इनकार कर दिया। इस घटना से आहत होकर लाडो खातून ने कथित तौर पर जहर खा लिया। गंभीर हालत में पहले अमरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पूरे घटनाक्रम की छानबीन की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर