“सीवान में फिर टावर पर चढ़ी युवती, चैनपुर बाजार में घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा”
सीवान, 28 अप्रैल (हि.स.)।सीवान जिले में एक बार फिर हैरान करने वाली घटना सामने आई है। सिसवन प्रखंड के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित चैनपुर बाजार में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में सनसनी फैल गई।
करीब एक घंटे से अधिक समय तक युवती टावर पर डटी रही। पुलिस और स्थानीय लोग उसे नीचे उतारने की लगातार कोशिश करते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। हालात को देखते हुए पुलिस ने लाउडस्पीकर का सहारा लिया और उसे समझाने का प्रयास जारी रखा। हालांकि युवती के टावर पर चढ़ने की असली वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है। कुछ लोग इसे प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं, लेकिन पुलिस ने ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं की है।
उल्लेखनीय है कि जिले में इस तरह की यह दूसरी घटना है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि युवती को सुरक्षित नीचे कैसे उतारा जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

