home page

छठ के दिन फाड़ाबाड़ी में महिला पर चाकू से हमला, छाती और गर्दन पर आई गंभीर चोटें

 | 
छठ के दिन फाड़ाबाड़ी में महिला पर चाकू से हमला, छाती और गर्दन पर आई गंभीर चोटें


किशनगंज, 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर जहां पूरा इलाका पूजा और उत्सव के माहौल में डूबा हुआ था, वहीं ठाकुरगंज प्रखंड के फाड़ाबाड़ी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई। घर में कपड़े धो रही एक महिला पर अज्ञात महिला ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में लक्ष्मी देवी की छाती और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, छठ के दिन सुबह फाड़ाबाड़ी निवासी लक्ष्मी देवी अपने घर में रोजमर्रा के काम में व्यस्त थीं। इसी दौरान एक अज्ञात महिला एक पुरुष के साथ उनके घर पहुंची।

महिला ने लक्ष्मी देवी से गहने गिरवी रखने की बात कही। बताया जाता है कि गहने गिरवी रखने के बहाने दोनों उनके घर पहुंचे थे। लक्ष्मी देवी को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनके घर आए लोगों की मंशा कुछ और है।

बताया जाता है कि जैसे ही लक्ष्मी देवी ने महिला की बात सुनने के लिए अपना सिर उठाया, आरोपी महिला ने अचानक चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

घायल लक्ष्मी देवी स्थानीय आदर्श मध्य विद्यालय में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) बनाने का काम करती हैं। छठ जैसे पवित्र पर्व के दिन हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश व्याप्त है। वहीं, आरोपी महिला के साथ आए पुरुष की पहचान और घटना में उसकी संलिप्तता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह