home page

दोहरे हत्याकांड के गवाह की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

 | 
दोहरे हत्याकांड के गवाह की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम


दोहरे हत्याकांड के गवाह की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम


दोहरे हत्याकांड के गवाह की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम


सारण, 29 जून (हि.स.)। जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने देर रात दुस्साहस दिखाते हुए अधिवक्ता पिता पुत्र दोहरे हत्याकांड के मुख्य गवाह की गोली मारकर हत्या कर दी।

इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार रात करीब 12:20 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि मेथवलिया चौक से चनचौरा जाने वाली सड़क पर एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी है।

सूचना मिलते ही गश्ती दल मौके पर पहुंचा, जहां दो युवक गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान स्थिति में मिले। दोनों की पहचान मेथवलिया गांव निवासी पंकज राय और मनीष कुमार के रूप में की गई। पुलिस ने दोनों घायलों को सदर अस्पताल छपरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद पंकज राय को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मनीष कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों युवकों के शरीर पर गोली लगने के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया कि यह कोई सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हमला था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार और सदर एक अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली।

इस संबंध में पुलिस ने बताया कि प्रारम्भिक जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक पंकज राय मुफ्फसिल थाना कांड संख्या-336/2024 अधिवक्ता पिता-पुत्र दोहरा हत्याकांड के एक महत्वपूर्ण गवाह थे। मृतक पूर्व में पुलिस सुरक्षा के बीच न्यायालय में अपनी गवाही भी दर्ज करा चुके थे।

ऐसे में इस हत्या को सीधे तौर पर पुरानी रंजिश और कोर्ट में दी गई गवाही से जोड़कर देखा जा रहा है।

घटना के विरोध में ग्रामीणों ने अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग को लेकर सड़क को जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने एक विशेष अनुसंधान दल का गठन करने कर निर्देश दिया। पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

घायल मनीष कुमार से मिले इनपुट के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार