दबंगों ने जलाया महादलित महिला जनप्रतिनिधि के गेहूं का फसल
भागलपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में दबंगों द्वारा एक महादलित महिला किसान की तैयार गेहूं की फसल में आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में करीब दो बीघा से अधिक जमीन पर लगी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई, जिससे पीड़ित परिवार को लगभग एक लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़िता सुमन कुमारी, जो गौराचौकी पंचायत की वर्तमान पंचायत समिति सदस्य हैं ने गुरुवार को बताया कि उन्होंने मेहनत से गेहूं की फसल तैयार कर बहियार में काटकर इकट्ठा किया था। बीती शाम वह फसल की देखरेख के बाद घर लौटी थीं, लेकिन सुबह उन्हें सूचना मिली कि पूरी फसल को किसी ने आग के हवाले कर दिया है। घटना के बाद पीड़िता और उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुमन कुमारी ने कहा कि इस घटना के बाद उनके सामने खाने तक का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा हमारी सारी मेहनत जल गई, अब हम क्या खाएंगे। पीड़िता के पति फंटूश यादव के अनुसार, इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश है। उन्होंने बताया कि करीब 15 साल पहले हुए अंतरजातीय विवाह को लेकर गांव के ही कुछ दबंग, जिनमें सिकंदर यादव और बिट्टू यादव शामिल हैं, लगातार विरोध करते रहे हैं। इसके अलावा जमीनी विवाद भी चल रहा है, जिसके कारण रंजिश वश इस घटना को अंजाम दिया गया।
परिजन ने मधुसुदनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की है और वरीय पुलिस अधिकारियों को भी मामले की जानकारी देने की बात कही है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

