home page

1.74 करोड़ की लागत से बन रहे पुल में वैकल्पिक बने डायवर्सन को ऊंचा करने का निर्देश

 | 
1.74 करोड़ की लागत से बन रहे पुल में वैकल्पिक बने डायवर्सन को ऊंचा करने का निर्देश


अररिया 12 जुलाई(हि.स.)।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से फारबिसगंज मुरबल्ला सड़क मार्ग में अमहारा के पास 1.74 करोड़ रूपये की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है।तत्काल आवाजाही के लिए पुल के पास निर्माण एजेंसी के द्वारा डायवर्सन बनाया गया था,लेकिन लगातार बारिश के कारण डायवर्सन में जल जमाव के कारण आमजनों को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।जिसको लेकर ग्रामीणों ने अनुमंडल प्रशासन से शिकायत की।

शिकायत के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी,एसडीपीओ राजकिशोर प्रसाद,आरडब्ल्यूडी के एसडीओ शिवम कुमार, कनीय अभियंता अमरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।स्थिति को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने निर्माण कार्य में लगे एजेंसी और अभियंता को डायवर्सन को ऊंचा करने का निर्देश दिया,जिससे आमजनों की आवाजाही में मदद मिल सके।

मौके पर मुखिया प्रतिनिधि प्रकाश चौधरी, राजीव कुमार, बिसन शाह, नरेश चौधरी, मोहम्मद हसीबुल सहित अन्य मौजूद थे और अधिकारियों को ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क फारबिसगंज-अमहारा-खवासपुर-मुरबल्ला मार्ग की प्रमुख संपर्क सड़क है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में पुल निर्माण के दौरान सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था नहीं करना गंभीर लापरवाही है।लोग जान जोखिम में डालकर डायवर्सन पर जल जमाव को पार करते हैं।

अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी ने कहा कि ग्रामीणों से शिकायत मिलने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजा गया था।उनके द्वारा भी जांच किया गया है और निर्माण कार्य में लगे एजेंसी को डायवर्सन ऊंचा करने का निर्देश दिया गया है।साथ ही जल्द से जल्द पुल निर्माण कार्य को भी पूरा करने को निर्देशित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर