home page

गोतिया विवाद में जमकर मारपीट, महिलाओं समेत 6 जख्मी

 | 
गोतिया विवाद में जमकर मारपीट, महिलाओं समेत 6 जख्मी


भागलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। जिले में अकबरनगर थाना क्षेत्र के आलमगीरपुर गांव में दरवाजा लगाने को लेकर दो दिनों से चल रहा आपसी विवाद मंगलवार को हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष की आशमा खातून ने बताया कि उनकी गोतनी द्वारा घर में एक नया दरवाजा लगाया गया था। इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले गोतिया पक्ष के लोग पिछले दो दिनों से विवाद कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व में डायल 112 की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया था।

आशमा खातून का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के समय दूसरे पक्ष के कुछ लोग शराब के नशे में थे, जो पुलिस को देखकर वहां से हट गए। लेकिन पुलिस के जाते ही वे लोग दोबारा लाठी-डंडों के साथ आ धमके और पूरे परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में महिलाओं समेत छह लोग चोटिल हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अकबरनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर