ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल ने किया ‘विकसित भागलपुर संकल्प सह संवाद’ कार्यक्रम का आगाज, समस्याओं के ऑन-द-स्पॉट समाधान का लिया संकल्प
भागलपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।
बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल अपने एक दिवसीय दौरे पर मंगलवार को भागलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने शहर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से आयोजित ‘विकसित भागलपुर संकल्प सह संवाद’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
भागलपुर आगमन पर जदयू कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने मंत्री का भव्य एवं जोरदार स्वागत किया। इसके बाद ऊर्जा मंत्री ने तिलकामांझी चौक पहुंचकर देश के महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद तिलकामांझी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
माल्यार्पण के पश्चात मंत्री ने स्थानीय एक निजी होटल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम ‘विकसित भागलपुर संकल्प सह संवाद’ में शिरकत की। इस संवाद कार्यक्रम में स्थानीय विधायकों, विभिन्न जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा, भागलपुर का चौमुखी विकास कैसे हो और इसे किस तरह आगे बढ़ाया जाए, इसी दूरगामी सोच के साथ इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है।
इस सीधे जन संवाद का मुख्य उद्देश्य जनता की जमीनी समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान निकालना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस संवाद के जरिए सरकार, प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि मिलकर भागलपुर को एक आदर्श और विकसित जिला बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कार्यक्रम के अंत में ऊर्जा मंत्री ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ मिलकर भागलपुर के विकास को गति देने का सामूहिक संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

