home page

विक्रमशिला सेतु पूरी तरह से सुरक्षित: एसडीओ विकास

 | 
विक्रमशिला सेतु पूरी तरह से सुरक्षित: एसडीओ विकास


विक्रमशिला सेतु पूरी तरह से सुरक्षित: एसडीओ विकास


भागलपुर, 21 मार्च (हि.स.)। भागलपुर के विक्रमशिला सेतु के नीचे एक फॉल्स दीवार के नदी में गिरने की खबर के बाद प्रशासन और तकनीकी टीम हरकत में आ गई है।

सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने पुल निर्माण निगम के अभियंताओं के साथ शनिवार को मौके पर पहुंचकर विक्रमशिला सेतु का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद एसडीओ ने स्पष्ट किया कि विक्रमशिला सेतु के मुख्य स्ट्रक्चर में किसी प्रकार की कोई क्षति या डिफॉल्ट नहीं पाया गया है।

उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान पानी के दबाव को कम करने के लिए अस्थायी रूप से फॉल्स दीवार बनाई जाती है, जो पुल का स्थायी हिस्सा नहीं होती। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण पूरा होने के बाद इन अस्थायी दीवारों को तोड़कर हटा दिया जाना था। लेकिन किसी कारणवश कुछ दीवारें उस समय नहीं हटाई जा सकीं। उन्हीं में से एक दीवार अब टूटकर नदी में गिर गई है।

उन्होंने कहा कि खराब हो चुकी दीवार को जल्द ही पूरी तरह तोड़कर हटा दिया जाएगा। एसडीओ ने यह भी बताया कि पिछले दो दिनों से कुछ टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर यह खबर चलाई जा रही थी कि विक्रमशिला सेतु के पाया संख्या 19 को नुकसान पहुंचा है जो पूरी तरह भ्रामक और गलत है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर