home page

बच्चों के हित एवं अधिकारों को लेकर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 
बच्चों के हित एवं अधिकारों को लेकर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


सुपौल, 23 अगस्त (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल के तत्वावधान में रविवार को बच्चों के हित एवं अधिकारों को लेकर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, संरक्षण से जुड़े प्रावधानों तथा उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम-सह-प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल मो. अफजल आलम के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को शिक्षा के अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम, दुर्व्यवहार एवं हिंसा से सुरक्षा तथा जरूरत पड़ने पर मिलने वाली कानूनी सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बच्चों को बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण, हिंसा अथवा अधिकारों के हनन की स्थिति में वे चुप न रहें। ऐसी परिस्थिति में वे अपने अभिभावक, शिक्षक, संबंधित संस्था या जिला विधिक सेवा प्राधिकार से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। बच्चों को कानून के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों की जानकारी रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी देकर सशक्त बनाना बाल-अनुकूल न्याय व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता विमलेश कुमार, पाराविधिक स्वयंसेवक रणवीर सिंह एवं मो. मोअज्जम उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विधिक जागरूकता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बताया गया कि जरूरतमंद लोग निःशुल्क विधिक सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र