डीएसपी हेडक्वार्टर के खगड़िया स्थानांतरण पर विदाई समारोह आयोजित
अररिया 13 अक्टूबर(हि.स.)। अररिया में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने सहित विधि व्यवस्था संधारण में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करने वाले डीएसपी हेडक्वार्टर संतोष कुमार पोद्दार का स्थानांतरण खगड़िया सदर 2 एसडीपीओ में होने पर मंगलवार को एसपी कार्यालय में विदाई समारोह का आयोजन किया गया।एसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने स्थानांतरण पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में एसपी जितेंद्र कुमार ने संतोष कुमार पोद्दार को बुके भेंट किया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर माहौल भावुक रहा।मौके पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार, साइबर पुलिस उपाधीक्षक रघुनाथ सिंह समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
मौके पर एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि संतोष कुमार पोद्दार ने मुख्यालय डीएसपी के साथ-साथ ट्रैफिक डीएसपी का प्रभार भी संभाला।इस दौरान उन्होंने जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया।साथ ही आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया। उनके प्रयासों से यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिली।
एसपी ने उनके कार्यकाल को सराहनीय बताते हुए कहा कि मुख्यालय डीएसपी के रूप में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।सहयोग शिविर सहित जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।
संतोष कुमार पोद्दार इससे पहले प्रशिक्षु डीएसपी के रूप में अररिया में रह चुके थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

