सनातन धर्म की रक्षा के लिए मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराना जरूरी : विहिप
कटिहार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) कटिहार जिला इकाई के तत्वावधान में शनिवार को तीनगछिया रोड स्थित जय भारती भवन में मंदिर-अर्चक, पुरोहित गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। गोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विहिप के केंद्रीय सह महामंत्री अरुण नेटके ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा और संवर्धन के लिए देश भर के मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराना नितांत आवश्यक है।
अर्चकों और पुरोहितों का मान-सम्मान विहिप की प्राथमिकता
केंद्रीय सह महामंत्री श्री नेटके ने मंदिरों के सर्वांगीण उत्थान और व्यवस्थापन में सुधार के साथ-साथ अर्चकों व पुरोहितों के आर्थिक एवं सामाजिक कल्याण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर केवल पूजा स्थल नहीं, बल्कि समाज की चेतना और सांस्कृतिक जागरण के केंद्र हैं। ऐसे में पुजारियों और पुरोहितों का मान-सम्मान तथा सुरक्षा सुनिश्चित करना विहिप की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रखंड स्तर तक मजबूत होगा मंदिर-अर्चक आयाम
कार्यक्रम में मंदिर-अर्चक पुरोहित आयाम के प्रांतीय अधिकारी गोपाल जी ने कहा कि सनातन परंपरा को युगों से अक्षुण्ण बनाए रखने में पुरोहित समाज का योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने अर्चकों से धार्मिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया। वहीं, जिला अर्चक प्रमुख रामकन्हाई शास्त्री ने संगठन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए घोषणा की कि विहिप के इस आयाम का विस्तार जिले के प्रत्येक प्रखंड स्तर तक किया जाएगा, ताकि अंतिम छोर तक स्थित छोटे-बड़े मंदिरों और उनके पुजारियों को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे धर्मप्रेमी और पदाधिकारी
कार्यक्रम का कुशल संचालन विहिप के जिला मंत्री प्रीतम प्रताप सिंह ने किया। गोष्ठी में जिले भर से आए दर्जनों मंदिर-अर्चक एवं पुरोहितों के अलावा विहिप व बजरंग दल के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से बजरंग दल के पूर्व विभाग संयोजक व समाजसेवी पवन पोद्दार, जिला अध्यक्ष चंद्रकांत बारिक, प्रदेश सुरक्षा प्रमुख अनिश सिंह, विभाग मंत्री दीपक महतो, विभाग संयोजक सत्यम सूर्यवंशी, जिला सह मंत्री अभय कुमार व प्रणव भगत, बजरंग दल जिला संयोजक राणा सोनी सहित अन्य कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

