home page

सैंडिस कंपाउंड में वाहन पार्किंग शुल्क से बढ़ी परेशानी, हो रही हेलमेट और बाइक चोरी

 | 
सैंडिस कंपाउंड में वाहन पार्किंग शुल्क से बढ़ी परेशानी, हो रही हेलमेट और बाइक चोरी


भागलपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। शहर के प्रमुख खेल मैदान और मॉर्निंग वॉक के मुख्य केंद्र सैंडिस कंपाउंड में सुबह टहलने आने वाले लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।

स्मार्ट सिटी योजना के तहत विकसित इस मैदान में अब सुबह की सैर करने वालों से भी वाहन पार्किंग के नाम पर 20 से 30 रुपये की वसूली की जा रही है। रोज-रोज पार्किंग शुल्क देने से बचने के लिए लोग अपने वाहन सैंडिस कंपाउंड के बाहर मुख्य सड़क पर पार्क करने को मजबूर हैं, जिससे सुरक्षा का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

परिसर के बाहर पार्क किए गए वाहनों से हेलमेट की चोरी अब यहां आम बात हो गई है। इतना ही नहीं, आए दिन परिसर और उसके आसपास से मोटरसाइकिल चोरी होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि एक तरफ तो नगर निगम और स्मार्ट सिटी प्रबंधन शुल्क वसूलने में मुस्तैद है, लेकिन दूसरी तरफ वाहनों की सुरक्षा के नाम पर कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। बिना सुरक्षा गारंटी के रोजाना मोटी रकम वसूलना सीधे तौर पर जनता का शोषण है। इस अव्यवस्था को लेकर सुबह टहलने आने वाले शहरवासियों में गहरा रोष है।

तिलकामांझी निवासी विनय कुमार ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया, हाल ही में मेरी मोटरसाइकिल में रखा हेलमेट चोरी हो गया। हम जैसे आम लोगों के लिए सुबह सिर्फ एक घंटे स्वास्थ्य लाभ के लिए आने पर हर दिन 20 से 30 रुपये का शुल्क देना बिल्कुल भी संभव नहीं है। यह नियम आम जनता के हित में नहीं है। वहीं, जिच्छो के रहने वाले पुरुषोत्तम ने भी इस व्यवस्था का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा, सैंडिस कंपाउंड भागलपुर की धड़कन है, जहां गरीब-अमीर सभी वर्ग के लोग सुबह की ताजी हवा और व्यायाम के लिए आते हैं। सुबह के वक्त ऐसा व्यावसायिक टैक्स लगाना पूरी तरह अनुचित है। प्रशासन को इस पर तुरंत रोक लगानी चाहिए।

इस गंभीर समस्या और जनता की जेब पर पड़ रहे अतिरिक्त बोझ के बावजूद स्थानीय जनप्रतिनिधि पूरी तरह मौन साधे हुए हैं। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले नेता आज जनता की इस बुनियादी समस्या पर आवाज उठाने से कतरा रहे हैं।

शहर के प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की यह चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सुबह टहलने आने वाले शहरवासियों ने जिला प्रशासन, नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों से मांग की है कि मॉर्निंग वॉक के समय (सुबह 5 बजे से 8 बजे तक) पार्किंग शुल्क को पूरी तरह माफ किया जाए। सैंडिस कंपाउंड के पार्किंग एरिया और मुख्य द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त किए जाएं। सुरक्षा गार्डों की तैनाती बढ़ाई जाए ताकि चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लग सके। यदि प्रशासन ने इस दिशा में जल्द कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो स्थानीय नागरिक इसके खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को विवश होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर