बेली ब्रिज पर वाहनों का परिचालन शुरू, पथ निर्माण मंत्री ने किया उद्घाटन
भागलपुर, 07 जून (हि.स.)। पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र द्वारा रविवार को बेली ब्रिज का उद्घाटन किए जाने के साथ ही प्रशासनिक निगरानी में बेली ब्रिज पर वाहनों का परिचालन शुरू करा दिया गया। मंत्री ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बेली ब्रिज का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार समेत बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) के अधिकारी, पथ निर्माण विभाग के पदाधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह से पहले पथ निर्माण मंत्री ने बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन के पदाधिकारियों और कर्मियों, पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा निर्माण कार्य में सहयोग करने वाले पुलिसकर्मियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान मंत्री ने सभी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से कम समय में यह महत्वपूर्ण कार्य पूरा किया जा सका है।
मंत्री ने कहा कि मात्र 15 से 16 दिनों के भीतर बेली ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर इसे आम जनता को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि विक्रमशिला सेतु पर परिचालन प्रभावित होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए युद्धस्तर पर निर्माण कार्य कराया गया। पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि बेली ब्रिज पर फिलहाल अस्थायी रूप से वाहनों का परिचालन शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा 30 नवंबर की समय-सीमा निर्धारित की गयी है और सरकार उसी लक्ष्य के अनुरूप कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि हम निर्धारित समय पर विक्रमशिला सेतु का निर्माण कार्य पूरा कर 30 नवंबर तक इसे जनता को समर्पित करेंगे। मंत्री ने बेली ब्रिज निर्माण में योगदान देने वाली बीआरओ की टीम, जिला प्रशासन, पथ निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी विभागों के समन्वय और मेहनत से यह कार्य संभव हो पाया है। बेली ब्रिज शुरू होने से भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

