home page

वंदे मातरम् विवाद को लेकर भाजयुमो का आक्रोश मार्च, कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुतला दहन

 | 
वंदे मातरम् विवाद को लेकर भाजयुमो का आक्रोश मार्च, कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुतला दहन


वंदे मातरम् विवाद को लेकर भाजयुमो का आक्रोश मार्च, कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुतला दहन


सुपौल, 16 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन को लेकर उठे विवाद के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) सुपौल द्वारा रविवार को आक्रोश मार्च निकाला गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो के जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा ने किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर से मार्च निकालकर कांग्रेस कार्यालय तक प्रदर्शन किया और वहां सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के प्रति अनादर का भाव प्रदर्शित किया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता डॉ. विजय शंकर चौधरी ने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण कांग्रेस नेतृत्व राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान दिखाने में असहज रहता है। वहीं, भाजयुमो जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता और स्वतंत्रता सेनानियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना और राष्ट्रभक्ति का अमर उद्घोष है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इस गीत ने देशवासियों में मातृभूमि के प्रति प्रेम, साहस और एकता की भावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।

भाजयुमो नेताओं ने यह भी कहा कि यदि राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान से संबंधित कोई कानूनी प्रावधान लागू होता है, तो संबंधित मामले में उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सरोज झा, जिला प्रवक्ता रणधीर ठाकुर, मनोज पाठक, सुरेंद्र नारायण पाठक, सुरेश सुमन, प्रकाश झा, सरिता मिश्रा, विमलेन्दु ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र