home page

25 सितंबर को एक करोड़ कंठों से गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’

 | 
25 सितंबर को एक करोड़ कंठों से गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’


सीवान, 23 सितंबर (हि.स.)। ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 सितंबर को देशभर में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत सुबह 11 बजे देश के लाखों स्थानों पर एक साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन होगा। आयोजन में एक करोड़ से अधिक लोगों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता के प्राचार्य प्रकोष्ठ में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें विद्या भारती उत्तर बिहार प्रांत इकाई, लोक शिक्षा समिति बिहार के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह ने बताया कि देशभर में संचालित विद्या भारती के 12,500 विद्यालय इस अभियान के प्रमुख केंद्र होंगे। इन विद्यालयों के करीब 30 लाख विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक सामूहिक गायन में शामिल होंगे। वहीं, विद्या भारती से जुड़े करीब 25 लाख पूर्व छात्रों को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है।

रामलाल सिंह ने कहा कि ‘नमामि भारतम्’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभावना को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है। देशभर में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विशेष समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को एक साथ एक करोड़ कंठों से ‘वंदे मातरम्’ का स्वर देश की एकता, अखंडता और मातृभूमि के प्रति समर्पण का संदेश देगा।

विद्या भारती बिहार के कार्यकारिणी सदस्य एवं महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता के अध्यक्ष डॉ. शरद चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम को विद्यालयों की सीमा से बाहर निकालकर समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने की योजना है। इसके लिए सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है।

विद्या भारती बिहार के मीडिया समन्वयक नवीन सिंह परमार ने बताया कि उत्तर बिहार प्रांत के 21 जिलों में करीब 500 स्थानों पर सामूहिक गायन होगा। इसमें लगभग पांच लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। वहीं, सीवान विभाग निरीक्षक अनिल कुमार राम ने बताया कि सिवान, छपरा और गोपालगंज जिलों में कुल 61 स्थानों पर कार्यक्रम प्रस्तावित है। इन स्थानों पर करीब एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। सिवान शहर के होटल सफायर इन में भी विशेष कार्यक्रम होगा, जिसमें सैकड़ों प्रबुद्ध नागरिक शामिल होंगे। पत्रकार वार्ता में विद्यालय के मीडिया समन्वयक अखिलेश कुमार श्रीवास्तव सहित विभिन्न महावीरी विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma