home page

बिना नक्शा पास कराए शहरी क्षेत्र में बनवाए जा रहे हैं मकान

 | 

सुपौल, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के शहरी इलाकों में बिना नक्शा पास कराए मकान बनाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे सुरक्षा मानकों की धड़ल्ले से अनदेखी भी हो रही है।

जानकारों का कहना है कि आग लगने या भूकंप के दौरान मकान गिरने की स्थिति में शहर के अधिकतर मुहल्लों में बड़ा नुकसान हो सकता है। दरअसल पुराने बसे इलाकों की बात तो दूर हाल के दिनों में घनी आबादी वाले इलाकों में बिना नक्शा पास कराए धड़ल्ले से मकान बनाये जा रहे हैं। अगर ऐसे इलाकों में भूकंप या किसी मकान में आग लगे तो अधिकतर जगहों पर बड़े वाहनों का जाना संभव नहीं होगा। हालांकि, हाल के दिनों में नए भवनों के लिए नक्शा पास कराने के मामले में नगर परिषद की सक्रियता थोड़ी बढ़ी है लेकिन अब भी अधिकतर लोग बिना नक्शा स्वीकृति के मकान बनाने की होड़ लगा रखे हैं।

बिना नक्शा पास कराए मकान बनाने की प्रवृति से शहर के विभिन्न नए मुहल्लों में भी रास्ता से लेकर वेंटिलेशन जैसी बुनियादी सुविधाओं से कई मकानों में रहने वाले लोग वंचित हैं। अधिकतर इलाकों में आपातकाल में फायर ब्रिगेड के छोटे वाहनों का पहुंचना भी मुश्किल होगा। बिना नक्शा के मकान बनाने की यह समस्या पुरानी है। लेकिन, अब जिस तरह से शहर में नए अत्याधुनिक मकानों का निर्माण हो रहा है, वैसे में नक्शा पास न कराने पर आगे और भी परेशानी बढ़ सकती है।

भवन का नक्शा पास कराने के लिए पहले संबंधित व्यक्ति को नगर परिषद से रजिस्टर्ड आर्किटेक्ट से नक्शा तैयार करवाना पड़ता है। इसके बाद नप कार्यालय में आवेदन जमा देना पड़ता है। इस प्रक्रिया के बाद नगर परिषद के इंजीनियर जांच करते हैं और अंतिम रूप से अनुमोदन के लिए कार्यपालक अधिकारी के पास फाइल जाती है। नक्शा पास कराने के लिए नगर परिषद की फीस निर्धारित है।नइसमें विकास शुल्क व नक्शा की फीस शामिल है। लेकिन, इन सारी बातों को दरकिनार कर लोग मनमाने तरीके से नए बिल्डिंग बनाने की होड़ में जुटे हैं। इस सम्बंध में नप से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि नप क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए किसी को भी मकान व भवन बनाने की अनुमति नहीं है। इलाकों में बिना नक्शा के मकान बनाने वालों को विभाग द्वारा चिह्नित किया जाएगा। जो लोग नियमों के उल्लंघन के दोषी पाए जाएंगे ऐसी सूरत में विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र