यूरिया की किल्लत पर उर्वरक निगरानी समिति सख्त, कालाबाजारी रोकने के निर्देश
Bihar, 24 जुलाई (हि.स.)। लौरिया प्रखंड कृषि सभागार में शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी की अध्यक्षता में उर्वरक निगरानी समिति की बैठक हुई, जिसमें क्षेत्र में यूरिया की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और कालाबाजारी के आरोपों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रखंड कृषि पदाधिकारी केशव किशोर ने बताया कि प्रखंड में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है तथा किसानों को उनके खेत के रकबे के अनुसार खाद का वितरण कराया जा रहा है।
वहीं सहकारिता पदाधिकारी संजीव कुमार, जिला पार्षद प्रतिनिधि आशुतोष मल्ल, राजद प्रखंड अध्यक्ष विजय यादव, जदयू प्रखंड अध्यक्ष हिमांशु कुमार एवं बीस सूत्री सदस्य विक्रम शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कुछ थोक उर्वरक विक्रेता छोटे दुकानदारों को यूरिया के साथ जबरन जिंक व जैविक खाद लेने के लिए बाध्य कर उनका शोषण कर रहे हैं।
किसानों को समय पर यूरिया नहीं मिलने और अधिक कीमत वसूले जाने पर भी नाराजगी जताई गई। प्रमुख शंभू तिवारी ने सभी विक्रेताओं को सरकारी दर पर ही खाद बेचने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि उर्वरक की कालाबाजारी और अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं उर्वरक विक्रेता भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

