सदर अस्पताल में सीजेरियन के बाद नवजात की मौत पर फूटा गुस्सा
सीवान, 14 मई (हि.स.)। सीवान सदर अस्पताल में गुरुवार को सीज़ेरियन के बाद नवजात शिशु की मौत होने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित लोगों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए महिला वार्ड के बाहर जमकर हंगामा किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही अस्पताल पदाधिकारी और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार जीबी नगर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी प्रीति कुमारी को गुरुवार की सुबह पेट में तेज दर्द होने पर परिजन सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि सुबह करीब छह बजे भर्ती कराने के बावजूद ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने यह कहकर ऑपरेशन टाल दिया कि दूसरी महिला चिकित्सक के आने के बाद ही सीज़ेरियन किया जाएगा। इस दौरान महिला घंटों दर्द से तड़पती रही, लेकिन समय पर इलाज नहीं मिला।
परिजनों के मुताबिक करीब दस बजे सीज़ेरियन किया गया, लेकिन ऑपरेशन के लगभग एक घंटे बाद नवजात शिशु की मौत हो गई। नवजात की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का आक्रोश भड़क उठा। लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और इलाज में देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते सीज़ेरियन कर दिया जाता तो बच्चे की जान बच सकती थी।
घटना के बाद मृत नवजात के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में महिला वार्ड के बाहर जमा हो गए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर बवाल काटा। हंगामे के कारण अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। मरीजों और उनके परिजनों में भी दहशत का माहौल देखा गया। वहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले पर आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। घटना के बाद पूरे अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

