टेंडर प्रक्रिया को लेकर बवाल, तिथि में बदलाव से लोगों में आक्रोश
भागलपुर, 25 मार्च (हि.स.)। जिले के पिरपैंती प्रखंड में टेंडर प्रक्रिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अखबार में प्रकाशित सूचना में टेंडर आवेदन की अंतिम तिथि 30 मार्च बताई गई थी लेकिन जब इच्छुक लोगों ने बुधवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर इस संबंध में जानकारी ली तो अधिकारियों ने आवेदन की अंतिम तिथि 24 मार्च ही बता दी।
इस विरोधाभास के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी गई और प्रखंड कार्यालय के बाहर हंगामा शुरू हो गया। लोगों का आरोप है कि तिथि में इस तरह का बदलाव जानबूझकर किया गया है और इसमें मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है, ताकि कुछ खास लोगों को फायदा पहुंचाया जा सके।
आक्रोशित लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है। वहीं, इस मामले में प्रखंड प्रशासन की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट सफाई नहीं दी गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन से पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

