home page

पटना में छात्रों का हंगामा, मुख्यमंत्री आवास घेरने निकले प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने बरसाये वाटर कैनन

 | 
पटना में छात्रों का हंगामा, मुख्यमंत्री आवास घेरने निकले प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने बरसाये वाटर कैनन


पटना, 04 अगस्त (हि.स.)। बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को एक बार फिर छात्रों का आक्रोश सड़क दिखा।

पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, रोजगार और शिक्षा व्यवस्था में सुधार समेत विभिन्न मांगों को लेकर बड़ी संख्या में छात्र जेपी गोलंबर से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च के लिए निकले।

छात्र युवा संघर्ष मोर्चा की ओर से रामगुलाम चौक से छात्रों का जुलूस निकाला गया था। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। जुलूस के गांधी मैदान की तरफ बढ़ने पर पुलिस ने गेट नंबर 12 के पास छात्रों को रोकने की कोशिश की।पुलिस के रोकने के बावजूद छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए और आगे बढ़ते हुए डाकबंगला चौराहे की ओर पहुंच गये।

डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच नोकझोंक हाेती रही। प्रदर्शनकारी छात्रों के लगातार आगे बढ़ने की कोशिश के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

प्रदर्शन को देखते हुए गांधी मैदान थाना क्षेत्र समेत पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। जेपी गोलंबर, इनकम टैक्स चौराहा, डाकबंगला और मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और दंगा नियंत्रण बल तैनात किए गए थे। एहतियात के तौर पर वाटर कैनन और अन्य सुरक्षा संसाधनों को भी मौके पर रखा गया था।

ये है छात्राें के पांच प्रमुख मांगें

प्रदर्शन में शामिल छात्रों के पांच प्रमुख मांगाें में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर रोक, पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच, आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुई कार्रवाई वापस लेने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। इसके अलावा छात्र संगठनों ने सीवान में हाल के छात्र आंदोलन के दौरान गोली लगने से घायल छात्र को मुआवजा देने, गिरफ्तार छात्रों की रिहाई और गोलीबारी के मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी