home page

ग्रामीण कार्य विभाग के संवेदक ने कार्यपालक अभियंता पर गाली-गलौज व डंडा उठाने का लगाया आरोप

 | 
ग्रामीण कार्य विभाग के संवेदक ने कार्यपालक अभियंता पर गाली-गलौज व डंडा उठाने का लगाया आरोप


किशनगंज, 03 सितंबर (हि.स.)। ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल-1 के कार्यालय में गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक संवेदक और कार्यपालक अभियंता के बीच कंप्लीशन सर्टिफिकेट को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। संवेदक गुलाम सुब्हानी ने कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज करने और डंडा उठाकर मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। हालांकि, कार्यालय में मौजूद कर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

संवेदक गुलाम सुब्हानी के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2025 में एक निर्माण कार्य पूरा किया था। कार्य पूरा होने के बाद कंप्लीशन सर्टिफिकेट प्राप्त करने के लिए करीब दो माह पूर्व विभाग में आवेदन दिया था। उनका कहना है कि सर्टिफिकेट से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी गई थीं। कार्यपालक अभियंता ने सर्टिफिकेट पर हस्ताक्षर भी कर दिए, लेकिन उसमें तारीख अंकित नहीं की गई। इस कारण प्रमाणपत्र की प्रक्रिया लंबित थी। इसी मामले में जानकारी लेने के लिए गुलाम सुब्हानी गुरुवार को कार्यपालक अभियंता के कार्यालय पहुंचे थे। संवेदक का आरोप है कि उन्होंने जब करीब दो माह से फाइल लंबित रहने का कारण पूछा तो कार्यपालक अभियंता ने उन्हें कार्यालय से बाहर जाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। संवेदक के अनुसार, बहस के दौरान कार्यपालक अभियंता ने उनके साथ गाली-गलौज की और बाद में डंडा उठाकर उनकी ओर बढ़े। मौके पर मौजूद विभागीय कर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला। संवेदक ने आरोप लगाया कि कार्यपालक अभियंता का व्यवहार अन्य संवेदकों के प्रति भी उचित नहीं रहता है और कई ठेकेदार उनके रवैये से परेशान हैं। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी से करने की बात कही है। इधर, कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार से मामले को लेकर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने इस संबंध में जवाब देने से इनकार कर दिया। मामले में जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी अभी तक उनके संज्ञान में नहीं आई है। उन्होंने कहा कि मामला सामने आने के बाद इसकी जांच कराई जाएगी और जांच में तथ्य सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह