home page

अनुदान घोटाले के आरोप में पीएमएस कॉलेज में बवाल

 | 
अनुदान घोटाले के आरोप में पीएमएस कॉलेज में बवाल


बिहारशरीफ 18 मार्च (हि.स.)। जिले में बिहारशरीफ अंतर्गत स्थानीय अस्पताल चौक पर बुधवार को पी.एम.एस. कॉलेज के कर्मचारियों और शिक्षकों ने कथित अनियमितताओं के विरोध में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सचिव एवं प्रभारी प्राचार्य का पुतला दहन किया।धरना का नेतृत्व कर रहे डॉ. संजय कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. प्रियंका कुमारी समेत सैकड़ों शिक्षकों ने कॉलेज के सचिव डॉ. रघुनाथ प्रसाद कच्छवे और प्रभारी प्राचार्य डॉ. बलराम प्रसाद सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अनुदान वितरण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और पक्षपात किया गया है। उनका आरोप है कि दोनों अधिकारियों की मिलीभगत से करीब ढाई करोड़ रुपये के अनुदान में अनियमितता हुई है।

प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर प्रभारी प्राचार्य डॉ बलराम प्रसाद सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि यह आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उनके अनुसार, एक ही परिवार के कुछ लोग कॉलेज पर कब्जा करना चाहते हैं, जबकि उनके परिवार का कॉलेज निर्माण में कोई योगदान नहीं रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग बिना कार्य किए अनुदान राशि प्राप्त करना चाहते हैं और उसी साजिश के तहत यह धरना-प्रदर्शन कराया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे