home page

अटूट आस्था, जब पति थके तो पत्नी ने संभाला मोर्चा, दंडवत यात्रा कर रहा यह अनोखा जोड़ा

 | 
अटूट आस्था, जब पति थके तो पत्नी ने संभाला मोर्चा, दंडवत यात्रा कर रहा यह अनोखा जोड़ा


भागलपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले के नवगछिया पुलिस जिला से शिव भक्ति और वैवाहिक समर्पण की एक बेहद अनोखी और अद्भुत तस्वीर सामने आई है। यहाँ सड़क पर एक ऐसा दांपत्य (पति-पत्नी) कांवरिया जोड़ा नजर आया, जो लगातार दंडवत प्रणाम (लेटकर) करते हुए सुल्तानगंज की तरफ बढ़ रहा है।

इस जोड़े की भक्ति को देखकर हर कोई हैरान है और उनकी सराहना कर रहा है। इस बेहद कठिन यात्रा की सबसे खास और भावुक कर देने वाली बात यह है कि जब दंड देते-देते पति थक जाते हैं, तो उनकी धर्मपत्नी मोर्चा संभाल लेती हैं। पति के थकने पर पत्नी सड़क पर दंड देना शुरू कर देती हैं। दोनों का यह आपसी तालमेल और भोलेनाथ के प्रति अटूट विश्वास रास्ते से गुजरने वाले हर श्रद्धालु के लिए प्रेरणा बन गया है।

कांवरिया जोड़े ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल स्थित अपने पैतृक गांव से इस कठिन दंडवत यात्रा पर निकले हैं। उनके घर से बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) की कुल दूरी लगभग 380 किलोमीटर है। उन्होंने इसी महीने की 10 तारीख से अपनी इस यात्रा की शुरुआत की थी। सफर के दौरान जहाँ भी रात हो जाती है, वे किसी नजदीकी मंदिर में शरण लेते हैं और वहीं रात्रि विश्राम करते हैं। यह अनोखा जोड़ा सबसे पहले दंडवत करते हुए सुल्तानगंज स्थित बाबा अजगैबीनाथ धाम पहुंचेगा। वहां उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान और संकल्प लेने के बाद, वे यहाँ से फिर दंडवत करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेंगे।

देवघर पहुंचकर वे बाबा भोलेनाथ पर जलाभिषेक करेंगे और अपनी मन्नत पूरी करेंगे। इसी यात्रा के क्रम में जब यह दांपत्य कांवरिया जोड़ा विक्रमशिला पुल के समीप पहुँचा, तो स्थानीय समाजसेवी टीनू यादव की नजर उन पर पड़ी। टीनू यादव ने तुरंत आगे बढ़कर दोनों शिव भक्तों से मुलाकात की, उनके जज्बे को नमन किया और उन्हें यात्रा के लिए आवश्यक सहयोग और राहत सामग्री उपलब्ध कराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर