home page

बेमौसम बारिश से भागलपुर के किसानों की बढ़ी धड़कनें, खेत-खलिहान में रखे धान के भीगने से भारी नुकसान की आशंका

 | 
बेमौसम बारिश से भागलपुर के किसानों की बढ़ी धड़कनें, खेत-खलिहान में रखे धान के भीगने से भारी नुकसान की आशंका


भागलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। जिले में रबी की बुवाई और धान की कटनी के चरम मौसम के बीच शनिवार सुबह से हो रही बेमौसम बारिश ने अन्नदाताओं की चिंता बढ़ा दी है। जिले के अधिकांश हिस्सों में धान की कटाई हो चुकी है और फसल या तो खेतों में सूखने के लिए छोड़ी गई है या फिर खलिहानों में रखी हुई है।

वहीं, कुछ निचले और देरी से रोपे गए इलाकों में अभी भी धान की फसल खेतों में खड़ी है। सुबह से शुरू हुई रिमझिम और रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण खुले आसमान के नीचे पड़ी इस तैयार फसल के बर्बाद होने का खतरा मंडराने लगा है।

जिले के कहलगांव, पीरपैंती, सबौर, नाथनगर, शाहकुंड, सुल्तानगंज और नवगछिया समेत विभिन्न प्रखंडों के किसान इस अचानक बदले मौसम से बेहद परेशान हैं।

किसानों का कहना है कि कड़ी मेहनत और महंगी सिंचाई-खाद के बाद धान की अच्छी पैदावार हुई थी, लेकिन दौनी (थ्रेशिंग) से ठीक पहले बारिश ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। जिन किसानों ने फसल काटकर खेत में ही छोड़ दी है, वहां पानी जमा होने से धान के बोझे भीग गए हैं। खलिहानों में रखे धान को भी तिरपाल या प्लास्टिक से ढकने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया, जिससे नमी बढ़ने का डर सता रहा है।

कृषि जानकारों और स्थानीय किसानों के अनुसार, इस अवस्था में बारिश होने से फसल को कई स्तरों पर नुकसान हो सकता है। खेतों में कटी पड़ी फसल यदि दो-तीन दिनों तक पानी या अत्यधिक नमी के संपर्क में रहती है, तो बालियों में ही दाने अंकुरित होने लगेंगे। भीगने के बाद धान के दाने काले पड़ सकते हैं। इससे न केवल चावल की गुणवत्ता खराब होगी, बल्कि बाजार में और सरकारी क्रय केंद्रों पर उचित समर्थन मूल्य मिलने में भी भारी दिक्कत आएगी। खलिहान में रखे भीगे धान के ढेर में गर्मी पैदा होने से फफूंद लगने और पुआल के सड़ने की आशंका बढ़ जाती है। इससे पशुओं के चारे का भी संकट खड़ा हो सकता है। तेज हवा के साथ बारिश होने पर खेतों में बची हुई पकी फसल जमीन पर गिर सकती है, जिससे कटाई की लागत दोगुनी हो जाएगी और दाने झड़ने से उत्पादन घटेगा। बिहार कृषि विश्वविद्यालय (सबौर) और कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने मौसम के इस रुख को धान की कटाई और दौनी के लिए प्रतिकूल बताया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान नमी धान की गुणवत्ता को सीधे प्रभावित करती है। उन्होंने किसानों को नुकसान कम करने के लिए तत्काल कुछ जरूरी कदम उठाने की सलाह दी है। खलिहान में रखे धान के बोझों को तुरंत मोटी पॉलीथीन या तिरपाल से अच्छी तरह ढक दें। यह सुनिश्चित करें कि नीचे से भी बारिश का पानी ढेर के संपर्क में न आए, इसके लिए बोझों को ऊंचे स्थान या पुआल की मोटी परत के ऊपर रखें। जिन खेतों में कटी हुई फसल पड़ी है या अभी भी धान खड़ा है, वहां से अतिरिक्त पानी निकालने के लिए तुरंत मेड़ काटकर जल निकासी की व्यवस्था करें। जब तक मौसम पूरी तरह साफ न हो जाए और धूप न निकले, तब तक खेतों में खड़ी बची हुई फसल की कटाई स्थगित रखें। बारिश थमने और धूप निकलने के तुरंत बाद भीगे हुए बोझों को खोलकर फैला दें, ताकि हवा और धूप से नमी निकल सके और दानों को अंकुरित होने या काला पड़ने से बचाया जा सके। दौनी के बाद धान को तब तक बोरों में बंद न करें जब तक दानों में नमी का स्तर 12 से 14 प्रतिशत के आसपास न आ जाए।

इधर, जिले के किसान संगठनों ने प्रशासन और कृषि विभाग से मांग की है कि बारिश रुकने के बाद प्रभावित प्रखंडों में फसल क्षति का त्वरित आकलन कराया जाए। साथ ही, जिन किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा है, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए और पैक्स के माध्यम से धान खरीद में नमी के मानकों में थोड़ी ढील दी जाए ताकि किसानों को औने-पौने दामों पर बिचौलियों को धान न बेचना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर