केंद्र की सहायता से बिहार में आधारभूत संरचना का अभूतपूर्व विस्तार : संजय सरावगी
पटना, 13 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शनिवार को यहां एक कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और बिहार में डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से राज्य विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। आज बिहार विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और हर क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2014 से 2024 के बीच बिहार को केंद्र सरकार से लगभग 9.23 लाख करोड़ रुपये की सहायता एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है, जो पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) शासनकाल की तुलना में लगभग चार गुना अधिक है। यह राशि बिहार के आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बड़े पैमाने पर कार्य हुए हैं। ग्रामीण सड़कों का नेटवर्क 1.2 लाख किलोमीटर तक पहुंच चुका है। राज्य में पटना-पूर्णिया, बक्सर-भागलपुर, आमस-दरभंगा, गोरखपुर-सिलीगुड़ी, रक्सौल-हल्दिया तथा वाराणसी-गया-कोलकाता सहित छह बड़े एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं पर काम हो रहा है, जिससे बिहार की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
रेल क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार को रेल अवसंरचना विकास के लिए लगभग एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं मिली हैं। राज्य के 198 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्रीय विकास को बल मिलेगा।
शिक्षा क्षेत्र में हुए सुधारों की चर्चा करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि शिक्षा बजट बढ़कर 77,690 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। राज्य में लगभग 94 हजार विद्यालय संचालित हैं और छह लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति एवं सेवाएं शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बना रही हैं। हर पंचायत में उच्च विद्यालय की स्थापना की दिशा में कार्य हुआ है। इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या 2 से बढ़कर 38, पॉलिटेक्निक संस्थानों की संख्या 13 से बढ़कर 46 तथा आईटीआई संस्थानों की संख्या 23 से बढ़कर 152 हो गई है।
कृषि क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 76 लाख किसानों को लाभ मिला है। नौ लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया गया है। मखाना को जीआई टैग मिलने, राष्ट्रीय मखाना बोर्ड के गठन तथा कोसी-मेची सिंचाई लिंक परियोजना जैसी पहलों से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
संजय सरावगी ने स्पष्ट कहा कि बिहार आज निवेशकों की पसंदीदा भूमि बन रहा है। बिहार इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से लगभग 2.3 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं। चंपारण और बक्सर में विशेष आर्थिक क्षेत्र, मुजफ्फरपुर और खगड़िया में मेगा फूड पार्क, इथेनॉल नीति तथा टेक्सटाइल, मैन्युफैक्चरिंग और लेदर उद्योगों में निवेश की संभावनाओं ने रोजगार सृजन के नए द्वार खोले हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

