अनियंत्रित बस पेड़ से टकराई, पांच यात्री घायल, सदर अस्पताल में भर्ती
सुपौल, 18 जुलाई (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग (एनएच-327ई) पर शनिवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, भोलेनाथ ट्रेवल्स की बस (बीआर-50पी-1731) पिपरा से सुपौल की ओर जा रही थी। इसी दौरान आरकेएस रोड प्लांट से करीब 100 मीटर पश्चिम बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि बस पेड़ से टकराकर नहीं रुकती, तो उसके बगल में स्थित 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के पोल से टकरा सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
टक्कर के बाद पेड़ बिजली के तार पर गिर गया, जिससे चिंगारी और आग की लपटें उठीं। हालांकि, बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दिए जाने से बड़ी अनहोनी टल गई।
दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया। हादसे में पांच यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। वहीं, क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

