home page

तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, घरों में मचा कोहराम

 | 
तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, घरों में मचा कोहराम


सीवान, 28 मई (हि.स.)। सीवान शहर के महादेवा थाना क्षेत्र के हकाम हाईवे स्थित कुशवाहा मोड़ के समीप तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के सहदुल्लेपुर गांव निवासी मासूम अली एवं एहसान अली के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों ने बताया कि गांव का युवक दिलशाद दुबई जाने वाला था। उसे सीवान स्टेशन छोड़ने के लिए गांव के चार युवक सीवान आए थे। मासूम अली एवं एहसान अली एक ही बाइक पर सवार होकर दिलशाद को स्टेशन छोड़ने पहुंचे थे। स्टेशन से लौटने के दौरान वे हकाम हाईवे स्थित कुशवाहा मोड़ के समीप पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मासूम अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल एहसान अली को परिजन बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।

साथ में मौजूद युवकों ने बताया कि दिलशाद को स्टेशन छोड़ने के बाद दोनों युवक एक रिश्तेदार के यहां दावत में चले गए थे। इसके बाद सभी लोग गोपालगंज लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

परिजनों के अनुसार मासूम अली दो भाइयों में बड़ा था और पढ़ाई करता था। उसकी तीन बहनें हैं। हादसे की खबर मिलते ही मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सदर अस्पताल में चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बुलेट बाइक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है।

महादेवा थानाध्यक्ष विनीत कुमार विनायक ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपित वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma