home page

रिविलगंज में देशी पिस्टल के साथ दो युवक गिरफ्तार

 | 

सारण, 17 जुलाई (हि.स.)। रिविलगंज थाना क्षेत्र में हथियार का प्रदर्शन कर आमजन में दहशत फैलाने और अपना वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश कर रहे दो युवकों को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से एक अवैध देशी पिस्टल भी बरामद की है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के विजय राय के टोला में दो युवक खुलेआम हथियार का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस सूचना पर रिविलगंज थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दोनों युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने दौड़ाकर एक अभियुक्त को दबोच लिया, जबकि दूसरा मौके से भाग निकला।

पकड़ा गया अभियुक्त विजय राय टोला निवासी निरंजन सिंह उर्फ लालमोहन है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने पिस्टल को कुणाल सिंह के घर के पास झाड़ियों में छिपाया है, जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए फरार दूसरे अभियुक्त कुणाल सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार