मालवाहक वाहन व बाइक की सीधी टक्कर में दो युवकों की मौत, शवों की नहीं हो सकी पहचान
नवादा, 29 जून (हि.स.)।नवादा जिले के वारसलीगंज-बरबीघा मुख्य मार्ग पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना वारसलीगंज थाना क्षेत्र के शाहपुर मोड़ के समीप हुई, जहां एक मालवाहक टाटा 407 और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और तत्काल इसकी सूचना वारसलीगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
वारसलीगंज थाना प्रभारी पंकज सैनी ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। मृतकों के पास ऐसा कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उनकी शिनाख्त की जा सके। पुलिस ने शवों को नवादा सदर अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है और पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि एक व्यक्ति ने फोन कर दोनों मृतकों की पहचान होने की संभावना जताई है। उसे पहचान की पुष्टि के लिए नवादा सदर अस्पताल बुलाया गया है। उसके आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मृतक कौन हैं और वे किस क्षेत्र के रहने वाले थे।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर यह आमने-सामने की टक्कर का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद कुछ देर के लिए वारसलीगंज-बरबीघा मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी और पुलिस परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

