home page

बाइक दुर्घटना में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

 | 
बाइक दुर्घटना में दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल


नवादा,22 अप्रैल (हि.स.)।नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के कर्मा खुर्द स्थित अकौना गांव के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार सिरदला थाना क्षेत्र के गोदपुर गांव निवासी तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर रजौली बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कर्मा खुर्द के पास अकौना गांव के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल टोटो वाहन से रजौली अनुमंडलीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. परितोष कुमार ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि दोनों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी, जबकि तीसरे युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही रजौली थाना के एसआई पप्पू कुमार और डायल 112 के एएसआई संजय कुमार अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल परिसर में मातम का माहौल बन गया।

मृतकों की पहचान गोदपुर गांव निवासी सूरज चौधरी और लिट्टू चौधरी के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक रोहित राजवंशी बताया जा रहा है। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन