home page

कर्तव्य में लापरवाही पर दो दारोगा निलंबित, दो से स्पष्टीकरण

 | 
कर्तव्य में लापरवाही पर दो दारोगा निलंबित, दो से स्पष्टीकरण


किशनगंज, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में पुलिस पदाधिकारियों की कार्यशैली और ड्यूटी में लापरवाही को लेकर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सख्त रुख अपनाया है।

कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता, मनमानेपन और वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में दो पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, औचक निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर दो अन्य पुलिस पदाधिकारियों से विभागीय कार्रवाई के विरुद्ध स्पष्टीकरण मांगा गया है।

रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 30 सितंबर को एसपी ने कोचाधामन थाना कांड संख्या 445/26, दिनांक 28 अगस्त 2026 की समीक्षा की थी। समीक्षा के दौरान अनुसंधान में कई त्रुटियां पाई गईं।

मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार के अनुसंधान को असंतोषजनक पाए जाने पर उन्हें कर्तव्यहीनता, मनमानेपन, वरीय पदाधिकारी के आदेशों के उल्लंघन और अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें सामान्य जीवन-यापन भत्ता देय होगा तथा विभागीय कार्यवाही के तहत स्पष्टीकरण मांगा गया है।

इसी तरह एक अक्टूबर को पौआखाली थाना के औचक निरीक्षण के दौरान ओडी पदाधिकारी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं मिले। एसपी ने मामले की जांच अंचल पुलिस निरीक्षक, ठाकुरगंज से कराई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष पौआखाली को भी कर्तव्यहीनता, मनमानेपन, वरीय पदाधिकारी के आदेशों की अवहेलना और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया। वहीं, तीन अक्टूबर को क्षेत्र भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने छतरगाछ कैम्प, पहाड़कट्टा थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान फरियादियों से मिलने अथवा ड्यूटी पर तैनात कोई पुलिस पदाधिकारी वर्दी में नहीं मिला।

कैम्प प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक कुन्दन कुमार और पीटीसी/310 कृष्णलाल देव निर्धारित स्थान पर मौजूद नहीं थे और दोनों को सादे लिबास में इधर-उधर घूमते पाया गया। दोनों से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्ट आचरण के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति लागू है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह