home page

दिल्ली बैटरी ब्लास्ट में भागलपुर के मामा-भांजे की मौत

 | 

भागलपुर, 19 अगस्त (हि.स.)।

देश की राजधानी दिल्ली के पश्चिमी इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। रघुबीर नगर इलाके में सोमवार की अलसुबह एक पांच मंजिला इमारत के गोदाम (किराए के मकान) में ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज करने के दौरान संदिग्ध विस्फोट हो गया। इस धमाके के बाद लगी भीषण आग में झुलसकर बिहार के भागलपुर जिले के दो सगे मामा-भांजे की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान भागलपुर के बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिल्की टोला निवासी मोहम्मद सूफेद (17 वर्ष) और उसके मामा सहमद (38 वर्ष) के रूप में की गई है। इस हादसे के बाद मिल्की टोला गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद सूफेद अपने पिता मोहम्मद नसीब और मामा सहमद के साथ दिल्ली के रघुबीर नगर में एक किराए के मकान में रहता था। ये तीनों दिल्ली में ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

रोज की तरह सोमवार की सुबह करीब 4:30 बजे कमरे में ई-रिक्शा की बैटरियां चार्ज हो रही थीं, तभी अचानक एक बैटरी में संदिग्ध विस्फोट हो गया।

धमाका इतना जोरदार था कि देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे और वहां रखे घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह 4:42 बजे इस घटना की सूचना मिली। आग पांच मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर भड़की थी।

सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत पास के गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल पहुंचाया।

हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए गहन जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण ई-रिक्शा की बैटरी में हुआ संदिग्ध विस्फोट माना जा रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट या बैटरी ब्लास्ट के कारण लगी या फिर इसके पीछे कोई और तकनीकी खराबी थी, यह पूरी जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर