home page

सिकटी और नरपतगंज को दो नए पुलिस अनुमंडल बनाने का प्रस्ताव,एसपी ने आईजी को भेजा प्रस्ताव

 | 
सिकटी और नरपतगंज को दो नए पुलिस अनुमंडल बनाने का प्रस्ताव,एसपी ने आईजी को भेजा प्रस्ताव


अररिया 17 सितम्बर(हि.स.)।

जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और सीमावर्ती इलाकों में अपराध रोकने के लिए दो नए पुलिस अनुमंडल बनाने का प्रस्ताव एसपी जितेन्द्र कुमार ने पूर्णिया रेंज के आईजी को भेजा है। राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसपी ने सिकटी और नरपतगंज को नया पुलिस अनुमंडल बनाने का प्रस्ताव पूर्णिया रेंज के आईजी को भेजा है। प्रस्ताव को नवंबर-दिसंबर तक मंजूरी मिलने की संभावना है। नए अनुमंडलों के बनने से जिले को दो नए अनुमंडल पुलिस अधिकारी और कई पुलिस इंस्पेक्टर मिलेंगे। इसके लिए अभी से ही कार्यालय और रहने के लिए भवनों की व्यवस्था शुरू कर दी गई है।

सिकटी पुलिस अनुमंडल में सिकटी, बरदाहा, कुर्साकांटा, कुआड़ी, सोनामनी गोदाम, पलासी, ताराबाड़ी और मदनपुर थाने शामिल किए गए हैं।जबकि नरपतगंज पुलिस अनुमंडल में नरपतगंज, फुलकाहा, घुरना, बसमतिया, जोगबनी और बथनाहा थाने शामिल होंगे।

उल्लेखनीय हो कि वर्तमान समय में सदर अनुमंडल में 15 और फारबिसगंज अनुमंडल में 9 थाने हैं। भौगोलिक रूप से और आबादी के हिसाब से यह इलाका काफी बड़ा है। नेपाल सीमा से सटा होने के कारण यह क्षेत्र मादक पदार्थों की तस्करी, जाली नोट, मानव तस्करी और सीमा पार अपराधों के लिए बहुत संवेदनशील है।

मुख्यालय से कुआड़ी, सोनामनी गोदाम, कुर्साकांटा और सिकटी जैसे सीमावर्ती थानों की दूरी ज्यादा होने से आपात स्थिति में पुलिस बल और संसाधन भेजने में देर होती है। इसका फायदा उठाकर अपराधी अक्सर नेपाल भाग जाते हैं। साथ ही, आम जनता को भी अपनी शिकायत लेकर जिला मुख्यालय आने में काफी परेशानी होती है।

एसपी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि सिकटी और नरपतगंज पुलिस अनुमंडल बनने से सीमावर्ती क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा।साथ ही सीमा क्षेत्र में होने वाली तस्करी के साथ नशे के कारोबार पर भी लगाम लगेगा।उन्होंने कहा कि राज्य मुख्यालय के निर्देश के अनुसार दो पुलिस अनुमंडल बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर