home page

अपराधियों के लिए सेफ जोन बना जीबी नगर थाना इलाका, 24 घंटे में दो हत्याओं से दहशत

 | 
अपराधियों के लिए सेफ जोन बना जीबी नगर थाना इलाका, 24 घंटे में दो हत्याओं से दहशत


अपराधियों के लिए सेफ जोन बना जीबी नगर थाना इलाका, 24 घंटे में दो हत्याओं से दहशत


अपराधियों के लिए सेफ जोन बना जीबी नगर थाना इलाका, 24 घंटे में दो हत्याओं से दहशत


सीवान, 14 सितंबर (हि.स.)। जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसले ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पूर्व सरपंच नयन महतो के पुत्र अविनाश उर्फ धनजी महतो की अपहरण के बाद हत्या की घटना के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि पांडेयपुर खमहौरी गांव में 23 वर्षीय रोहित कुमार यादव की चाकू से गोदकर हत्या कर शव फेंक दिया गया।

लगातार दो हत्याओं से इलाके में दहशत है और पुलिस के प्रति ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

सोमवार की सुबह राजकीय मध्य विद्यालय के दक्षिण करीब 50 मीटर की दूरी पर रोहित का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने शव के पास खून के निशान, चाकू और करीब 10 जोड़ी चप्पलें देखीं।

सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष रामाशंकर साह पुलिस बल और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के हालात से प्रथम दृष्टया मृतक और हमलावरों के बीच संघर्ष की आशंका जताई जा रही है। घटना में दो अन्य युवकों के घायल होने की भी बात सामने आई है।

पुलिस ने परिजनों के मौखिक बयान के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मृतक अविवाहित था, इसलिए पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। तकनीकी सेल की मदद से मोबाइल की भी पड़ताल की जा रही है।

लेकिन इन घटनाओं ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में रात्रि और संध्या गश्ती प्रभावी नहीं है। पुलिस की ओर से वाहनों की कमी का तर्क दिया जाता है, लेकिन ग्रामीण इसे जिम्मेदारी से बचने का बहाना मान रहे हैं। सबसे गंभीर आरोप सरकारी विद्यालय को लेकर है।

ग्रामीणों का कहना है कि सूरज ढलते ही विद्यालय के आसपास शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है। इसकी सूचना कई बार पुलिस को दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब उसी इलाके में युवक की हत्या ने पुलिस की कथित निष्क्रियता पर सवाल और तीखे कर दिए हैं।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की पुष्टि की, लेकिन अनुसंधान प्रभावित होने का हवाला देते हुए अन्य जानकारी देने से इनकार कर दिया। अब लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर है कि वह हत्याकांड का शीघ्र खुलासा कर अपराधियों को जेल भेजती है या जीबी नगर अपराधियों का कथित सेफ जोन बना रहता है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma