home page

नेपाल में फेसबुक अकाउंट हैक कर पैसे की उगाही करने वाला दो भारतीय सहित चार गिरफ्तार

 | 
नेपाल में फेसबुक अकाउंट हैक कर पैसे की उगाही करने वाला दो भारतीय सहित चार गिरफ्तार


अररिया, 21 नवम्बर(हि.स.)। सीमा पार नेपाल में रह कर फेसबुक अकाउंट हैक कर पैसे की उगाही करने के कार्य में संलिप्त दो भारतीय सहित कुल चार लोगों को शनिवार को नेपाल की मोरंग पुलिस ने गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार भारतीयों में कटिहार और बेतिया के दो शातिर हैं, जबकि इसके दो अन्य सहयोगी नेपाली नागरिक को भी विराटनगर से गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी मोरंग एसपी कवित कटुवाल ने आज दी।

मोरंग पुलिस एसपी के अनुसार एक पीड़ित की शिकायत पर जिला पुलिस कार्यालय मोरंग की एक विशेष टीम ने इन शातिरों को विराटनगर के विभिन्न स्थानों से अपनी हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए गिरोह के द्वारा विदेश में रहने वाले व्यक्ति का फेसबुक हैक कर नेपाल या अन्य देश में रह रहे उनके रिश्तेदारों को तरह-तरह की समस्याएं दिखाकर पैसे मांगते थे। समस्या में होने का बहाना बनाकर विभिन्न बैंक खातों के क्यूआर कोड भेजकर पीड़ितों से 4 लाख 45 हजार रुपये जमा करवाकर ठगी करने का खुलासा हुआ है। पीड़ितों को जब ठगी का पता चला तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

गिरफ्तार होने वालों में बेतिया के वार्ड संख्या 10 निवासी वर्तमान में विराटनगर के एयरपोर्ट मोड़ के पास रह रहे 26 वर्षीय ताहिर हुसैन, कटिहार जिले के 36 वर्षीय गुड्डु उर्फ़ मो. शहाबुद्दीन शामिल हैं।शहाबुद्दीन वर्तमान में विराटनगर वार्ड 4 में किराया का कमरा लेकर रह रहा था।वही इनके सहयोगी विराटनगर महानगरपालिका-17 मटियरवा निवासी 31 वर्षीय जफर आलम और विराटनगर-9 के 23 वर्षीय फैयाज खान को भी गिरफ्तार किया गया है।

जिला पुलिस कार्यालय मोरंग के सूचना अधिकारी एवं पुलिस उप-अधीक्षक मकेन्द्र कुमार मिश्र ने कहा कि सोशल मीडिया हैक कर रकम ठगी करने की शिकायत के आधार पर चारों लोगों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों लोगों को जिला पुलिस कार्यालय मोरंग में रखकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और आगे की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर