home page

नालंदा में अपह्रत युवक बरामद, दो अपराधी गिरफ्तार

 | 

नालंदा, बिहारशरीफ 22 फ़रवरी (हि.स.)। नालंदा जिले के चंडी थाना अंतर्गत रविवार को चितर बिगहा गांव के एक युवक का झांसा देकर अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने परिजन को फोन कर 1.30 लाख रुपये की फिरौती की मांग भी की लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया और दो बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि सौरव कुमार को परिचितों ने ही किसी बहाने से बुलाकर अगवा कर लिया। इसके बाद परिजन के मोबाइल पर कॉल कर 1.30 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। परिजन ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस की तकनीकी जांच के तहत मोबाइल नंबर का लोकेशन ट्रेस किया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने गिरियक थाना क्षेत्र में छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। साथ ही दो आरोपितों को मौके से गिरफ्तार भी कर लिया गया। इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस का भी सहयोग रहा।

गिरफ्तार आरोपितों में हरनौत थाना क्षेत्र के बिरजू मिल्की गांव निवासी साहिल कुमार तथा सोहरासय थाना क्षेत्र के मोगल कुआं बॉलीपर निवासी गोलू कुमार उर्फ अभिराज है।

थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि रुपये के लेन-देन के विवाद में युवक का अपहरण किया गया था। घटना में चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे