home page

टीएमबीयू के पीजी मनोविज्ञान विभाग में दो दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस का भव्य आगाज

 | 
टीएमबीयू के पीजी मनोविज्ञान विभाग में दो दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस का भव्य आगाज


भागलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग में शुक्रवार को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य उद्घाटन किया गया। वैश्विक परिदृश्य विषय पर आयोजित इस कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ साइंस डीन सह प्रभारी कुलपति प्रो. रंजना, मुख्य अतिथि एमएलसी डॉ. संजीव कुमार सिंह, पूर्व कुलपति प्रो. अवध किशोर राय, प्रो. एन. के. वर्मा, कुलसचिव प्रो. रामाशीष पूर्वे, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास (नई दिल्ली) के प्रो. अरुण कुमार सिंह, विभागाध्यक्ष प्रो. लक्ष्मी पाण्डेय और आयोजन सचिव डॉ. सपना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि आज हम ज्ञान की गहराई को केवल किताबी दायरे तक सीमित रख रहे हैं, जबकि रामायण, महाभारत और कबीर की वाणी में भारतीय ज्ञान परंपरा की असली बुनियाद छिपी है। उन्होंने तकनीक और अध्ययन के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि पुस्तक का स्थान एआई और मेटा नहीं ले सकते। किताब पढ़ने और गूगल से जानकारी लेने में बहुत अंतर है। उन्होंने अशिक्षा को देश का सबसे बड़ा दुश्मन बताते हुए इसे जड़ से खत्म करने का आह्वान किया।

अध्यक्षीय संबोधन में प्रभारी कुलपति प्रो. रंजना ने विषय को बेहद प्रासंगिक बताते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक ज्ञान प्रणाली को एक-दूसरे का विरोधी न होकर पूरक होना चाहिए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया। विभागाध्यक्ष व संयोजक प्रो. लक्ष्मी पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न व पौधा भेंट कर किया।

उन्होंने बताया कि कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य-4 के तहत समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में भारतीय ज्ञान प्रणाली की भूमिका को रेखांकित करना है। आयोजन सचिव डॉ. सपना ने विषय प्रवेश कराते हुए कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम् और सर्वे भवन्तु सुखिनः भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल मंत्र हैं।

मध्य प्रदेश से आए की-नोट स्पीकर डॉ. आयुष गुप्ता ने प्राचीन ऋषियों के आध्यात्मिक ज्ञान और सतत विकास लक्ष्य पर प्रकाश डाला। वर्धा हिंदी विश्वविद्यालय के डॉ. मिथिलेश तिवारी ने शिक्षा को मनुष्य निर्माण की प्रक्रिया बताया।

वहीं, प्रो. अरुण कुमार सिंह ने एनईपी-2020 और चरित्र निर्माण पर बल दिया। पूर्व कुलपति प्रो. अवध किशोर राय ने वैदिक ज्ञान के संरक्षण तथा प्रो. नीलाम्बुज किशोर वर्मा ने आत्म-विकास व चरित्र निर्माण को जरूरी बताया।

उद्घाटन सत्र में शिक्षकों और शोधार्थियों के आलेखों पर आधारित 'सोवेनियर' का विमोचन किया गया। इसके बाद आयोजित तीन तकनीकी सत्रों में दर्जनों शोधार्थियों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। संध्या में छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। मंच संचालन एनएसएस समन्वयक डॉ. राहुल कुमार और खेल सचिव डॉ. संजय कुमार जायसवाल ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आनंद शंकर ने दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर