रुईधासा महाकाल मंदिर में दो दिवसीय महाकाल महोत्सव, निकलेगी भव्य शोभायात्रा
किशनगंज, 28 जुलाई (हि.स.)। शहर के रुईधासा स्थित महाकाल मंदिर में दो दिवसीय महाकाल महोत्सव बुधवार (29 जुलाई) से श्रद्धा और भक्ति के माहौल में शुरू होगा।
महोत्सव को लेकर आयोजन समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर के पुरोहित गुरु साकेत के सानिध्य में 29 और 30 जुलाई को आयोजित होने वाले इस धार्मिक महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। गुरु साकेत ने बताया कि पिछले 20 वर्षों से महाकाल महोत्सव का आयोजन लगातार धूमधाम से किया जा रहा है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के अवसर पर काशी से आए आचार्य कृष्णकांत त्रिपाठी एवं आचार्य बृजपाल त्रिपाठी के नेतृत्व में वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई जाएगी। 29 जुलाई को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें कलश यात्रा के बाद विधि-विधान के साथ नदी में कलश विसर्जन किया जाएगा। 30 जुलाई को श्रावण मास के शुभारंभ पर भगवान महाकाल एवं मां काली की विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजा और दर्शन की व्यवस्था भी की गई है।आयोजन को सफल बनाने में समिति के राजेश दुबे, धर्मेंद्र सिंह, शैलेश ओझा, सत्यम चारुस्त, मीरा सिन्हा, शंकर केशरी, रोहित झा सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

